सत्ता में बैठे हुए लोग कायर हैं और गांधी से डरते हैं – सत्याग्रह का 100वां दिन

सर्व सेवा संघ परिसर, राजघाट से पुनर्निर्माण के संकल्प के साथ प्रभात फेरी प्रारंभ

न्याय के दीप जलाएं-100 दिन के सत्याग्रह के अंतिम दिन सत्याग्रहियों को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी के प्रपौत्र एवं जाने-माने लेखक तुषार गांधी ने कहा कि सत्ता में बैठे हुए लोग कायर हैं और गांधी से डरते हैं। ये गांधी विचार के परिसरों को मिटाने की साजिश में लगे हुए हैं। अगर उनकी कोशिश कामयाब होती है तो यह देश पराया हो जाएगा। इसलिए यह एक प्रकार का विचारधारा का युद्ध है।
जैसे महात्मा गांधी ने 1942 में करेंगे या मरेंगे का नारा दिया था, उसी तरह का संकल्प आज फिर से लेना होगा।
तुषार गांधी ने कहा अगर यहां कोई अवैध मंदिर होता तो क्या मोदी उसे बुलडोजर से गिराते? परिसर को गिराने वाले इस देश की बुनियाद को गिरा रहे हैं, वे धर्म के आधार पर समाज को बांट रहे हैं। इस परिसर को जिन्होंने मलबे में बदल दिया है, उसी के कंकड़- पत्थर इनके विचारों के कब्र बनाने के काम आएंगे। I इसी हौसले के साथ यह सत्याग्रह आगे भी जारी रहेगा। इसे पूरे विश्व में फैलाया जाएगा और गांधी प्रतिमाओं के सामने शीश नवा कर पाखंड करने वाले वाली विचारधारा का पर्दाफाश किया जाएगा।

सर्व सेवा संघ के अध्यक्ष चंदन पाल ने इस अवसर पर कहा कि यह प्रेरणा का स्थान है, गांधी विचार को चारों तरफ फैलाने का स्थान है, शांति के सैनिकों को तैयार करने का स्थान है,चंबल के बागियों को सही रास्ते पर ले आने के उद्यम का स्थान है, यह नागालैंड -मिजोरम में शांति प्रयासों का स्थान है। इस स्थान को नष्ट कर केंद्र की सरकार और उसकी पोषक सांप्रदायिक विचारधारा ने राष्ट्र की बुनियाद पर बुलडोजर चलाकर आघात किया है। जिस तरह चंबल के बागियों को सही रास्ते पर लाया गया उसी तरह सत्ता के अहंकारियों को भी दुरुस्त किया जाएगा। हमारे सत्याग्रह का यही उद्देश्य है।

गिरते तापमान और ऊंचे इरादों के बीच देशभर से जुटे गांधीजन एवं परिवर्तनवादी समाजकर्मी सुबह 6:00 से पहले ही सर्व सेवा संघ, राजघाट परिसर के गेट के सामने इकट्ठा हो गए। हमेशा की तरह ठीक 6:00 विद्याधर मास्टर की आवाज गूंजी महात्मा गांधी अमर रहें। और सत्याग्रह प्रारंभ। सर्व सेवा संघ के पूर्व अध्यक्ष सुगन बरठ, नंदलाल मास्टर और अशोक भारत ने सर्वधर्म प्रार्थना का सूत्र संचालन किया।
इसके बाद राजघाट से शास्त्री घाट तक की प्रभात फेरी शुरू हुई जो 6 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 8:30 बजेl समारोह स्थल पहुंची।

शास्त्री घाट

न्याय के दीप जलाएं सत्याग्रह की घोषणा

सर्व सेवा संघ राजघाट परिसर के पुनर्निर्माण के संकल्प के साथ चल रहे सत्याग्रह की पूर्णाहुति के अवसर पर यह घोषणा की जाती है कि:-

  1. सर्व सेवा संघ के राजघाट परिसर के पुनर्निर्माण, कानून के राज, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा और जनता के जीवन को तबाह करने वाले मुद्दों को केंद्रित कर एक यात्रा वाराणसी के राजघाट से लखनऊ होते हुए महात्मा गांधी की समाधि राजघाट,दिल्ली तक की जाएगी।
  2. गांधी शहादत दिवस 30 जनवरी 2025 से 12 फरवरी 2025 तक देश भर में प्रदेश सर्वोदय मंडलों एवं अन्य सहमना संगठनों की साझेदारी से गांधी विचार यात्रा निकाली जाएगी।
  3. वैचारिक समझ को उन्नत करने के लिए गांधी एवं सामाजिक सरोकार के अन्य विचार साहित्य को जनता के बीच ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना तथा इसे एक समतावादी, लोकतांत्रिक वैचारिक आंदोलन में रूपांतरित करना।
  4. सर्व सेवा संघ परिसर की ससम्मान वापसी, बनारस व अयोध्या के विनाशकारी विकास मॉडल की हकीकत, जल- जंगल- जमीन को कॉर्पोरेट के हवाले करने के प्रयासों तथा किसानों- मजदूरों- नौजवानों- महिलाओं- अल्पसंख्यकों के मुद्दों को उत्तर प्रदेश के 2027 में होने वाले चुनाव में प्रमुखता से प्रचारित प्रसारित किया जाएगा।
  5. सभी सत्याग्रहियों एवं उपवासकर्ताओं की ओर से राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सर्व सेवा संघ परिसर की वापसी की मांग की जाएगी।

शास्त्री घाट पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए गांधीवादी चिंतक कुमार प्रशांत ने कहा कि आज भारत की आत्मा को कुचलने का दौर चल रहा है। इसी परिपेक्ष में सर्व सेवा संघ के विध्वंस को देखा जाना चाहिए। गांधी पर कई हमले हुए लेकिन गांधी हर बात हर हमले के बाद और ज्यादा प्रखर और सशक्त होकर प्रकट हुए। हम भी आज एक मलबे पर खड़े हैं। लेकिन हमारे पास गांधी विचार के मूल्य है जो मानवता के मूल्य है। यह मूल्य जब तक हमारे साथ हैं हमें कोई पीछे नहीं हटा सकता। दुनिया को युद्ध में झोंका जा रहा है। नक्शे से देशों को मिटाया जा रहा है।इसलिए परिसर बचाने का यह प्रयास मानवता की रक्षा के प्रयास का ही हिस्सा है।

राजघाट से प्रारंभ प्रभात फेरी में महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी, सर्व सेवा संघ के अध्यक्ष चंदन पाल, उत्तर प्रदेश सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष रामधीरज, रंजू सिंह, जागृति राही, प्रबंधक ट्रस्टी शेख हुसैन,मंत्री अरविंदं कुशवाह, अरविंद अंजुम, सत्येंद्र सिंह, गांधी शांति प्रतिष्ठान के अध्यक्ष कुमार प्रशांत, गांधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु कुमार, लोकतांत्रिक जनमुक्ति संघर्ष वाहिनी के राष्ट्रीय समिति के सदस्य सुशील कुमार, समाजवादी नेता डॉ सुनीलम, भारत जोड़ो अभियान के शाहिद कमाल, ऑल इंडिया थिएटर काउंसिल के अशोक मानव, यूसुफ मेहर अली केंद्र की गुड्डी, समग्र ग्राम सेवा संघ के सवाई सिंह किसान नेता दशरथ भाई, ईश्वर चंद्र त्रिपाठी, कर्नाटक के मल्लिकार्जुन, दयानंद पाटिल, मैग्सेसे सम्मान से सम्मानित संदीप पांडे, ऊषा विश्वकर्मा, महाराष्ट्र सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष रमेश दाने, झारखंड सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष शंकर राणा, सर्वोदय समाज के पूर्व संयोजक प्रोफेसर सोमनाथ रोड़े, लोक समिति के संयोजक कौशल गणेश आजाद, अभिमन्यु भाई, फरीद आलम, सिराज अहमद, पूनम, सोनी, फादर जयंत, फादर आनंद, जोखन सिंह यादव, शिवजी सिंह, प्रदीप प्रियदर्शी, ईश्वर चंद्र, संजीव सिंह सतेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।

राम धीरज, सर्व सेवा संघ