संत विनोबा जयंती पर सर्व सेवा संघ प्रकाशन फिर से प्रारंभ

संत विनोबा की 130 वीं जयंती 11 सितंबर, 2024 को सर्व सेवा संघ प्रकाशन में उत्साहपूर्वक मनाई गई। इसके साथ ही सर्व सेवा संघ प्रकाशन का कार्य फिर से विधिवत प्रारंभ हो गया।

उल्लेखनीय है कि 22 जुलाई, 2023 को वाराणसी प्रशासन के द्वारा सर्व सेवा संघ परिसर को अनैतिक और गैर कानूनी ढंग से कब्जा कर सर्व सेवा संघ प्रकाशन की किताब कुड़ा गाड़ी में भर कर फेक दिया गया था। 12 अगस्त को सारे भावनों को ध्वस्त कर दिया गया। जिससे सर्व सेवा संघ प्रकाशन का कार्य बुरी तरह से प्रभावित हुआ। सरकार और प्रशासन की इस गैरकानूनी कार्रवाई के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी है।
कार्यक्रम का उद्घाटन सुश्री कृष्णा मोहंती, वरिष्ठ गांधीवादी (उड़ीसा) ने किया उन्होंने कहा कि विनोबा जयंती मनाने का यह एक रचनात्मक तरीका है। सर्व सेवा संघ प्रकाशन की शुरुआत विनोबा ने सर्वोदय साहित्य को लोगों तक पहुंचाने के लिए किया था । सर्वोदय कार्यकर्ता थैला में सर्वोदय साहित्य लेकर लोगों के बीच जाते थे और विचार- प्रचार का कार्य करते थे। मैं खुद भी यह कार्य करती थी, और प्रतिदिन शाम में साहित्य बिक्री का हिसाब देना होता था । प्रकाशन को फिर से चालू होने से मुझे उम्मीद है कि एक बार फिर सर्वोदय के कार्यकर्ता इस काम को प्रारंभ करेंगे।

सर्व सेवा संघ के अध्यक्ष श्री चंदन पाल ने कहा कि हमारे लिए बहुत ही खुशी की बात है कि प्रकाशन का कार्य फिर से शुरू हो रहा है। इसके लिए प्रकाशन के कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्य में वाराणसी के अनेक लोगों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है । हम उन सब के प्रति भी हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।

सर्व सेवा संघ प्रकाशन के संयोजक अशोक भारत ने कहा कि प्रकाशन को फिर से खड़ा करना एक बड़ी चुनौती थी। जिस प्रकार हमारी किताबों को कुड़ा की गाड़ी में भर कर फेक दिया गया, उसे फिर से चालू करना आसान नहीं था। लेकिन वाराणसी के लोगों ने संकट की घड़ी में जो मदद की, हमारे कार्यकर्ताओं ने प्रतिकूल परिस्थिति में भी धैर्य के साथ जो कार्य किया, उसके फलस्वरूप आज विनोबा जयंती पर हम सर्व सेवा संघ प्रकाशन को फिर से प्रारंभ करने में कामयाब हुए हैं। प्रकाशन आने वाले दिनों में पुरानी परंपरा को फिर से चालू करेगा। सीधा साहित्य लोगों तक पहुंचाने की योजना पर कार्य करेगा।‌ हमारा ध्यान रेलवे स्टेशन के बाहर सर्वोदय सहित केंद्र खोलने, गांधी जयंती एवं शहादत दिवस पर रेलवे के सर्कुलेटिंग एरिया में गांधी पुस्तक प्रदर्शनी लगाने पर है। इस वर्ष गांधी जयंती पर छह-सात स्टेशनों पर पुस्तक प्रदर्शनी लगने की संभावना है।

इस अवसर पर श्री कृष्णा मोहंती एवं प्रकाशन के कार्यकर्ताओं एवं प्रकाशन के कार्य में सहयोग करने वाले कुछ व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। श्री चंदन पाल ने खादी अंगवस्त्र भेंट कर सुश्री कृष्णा मोहंती का सम्मान किया। प्रकाशन के कार्यकर्ता श्री सुरेंद्र नारायण सिंह, श्री तारकेश्वर सिंह, श्री अनूप आचार्य, श्री आलोक सहाय, श्री सुशील कुमार सिंह एवं सहयोगी श्री अभिलाष मुखर्जी, श्री आकाश कुमार, श्री विकास कुमार, श्री रवि कुमार, श्री सोनी जी एवं श्री भरत सोनकर को सुश्री कृष्णा मोहंती एवं श्री चंदन पाल ने खादी अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस कार्यक्रम में देश के वरिष्ठ सर्वोदय कार्यकर्ता, सर्व सेवा संघ के पदाधिकारी एवं गांधी प्रेमी उपस्थित थे। जिनमें श्री गौरांग महापात्र, महामंत्री, सर्व सेवा संघ, श्री शेख हुसैन, प्रबंधक ट्रस्टी ,सर्व सेवा संघ, श्री अरविंद अंजुम, मंत्री सर्व सेवा संघ, श्री अरविंद सिंह कुशवाहा, मंत्री सर्व सेवा संघ, श्री राम धीरज, अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश सर्वोदय मंडल, श्री मिहिर प्रसाद दास, अध्यक्ष, उत्कल सर्वोदय मंडल, अजय यादव , प्रबंधक, सर्वोदय बुक स्टाल, सुल्तानपुर आदि सहित अनेक लोगों ने भाग लिया। प्रकाशन को फिर से मजबूती से खड़ा करने के दृढ़ संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

अशोक भारत
संयोजक